Thursday, January 20, 2011

तेरा रंग

दिल चीर के देखे कोई तेरा रंग निकलता है
मेरी नज़रों से पूछे कोई ये क्या गम है जो ढलता है
दिल चीर के देखे कोई तेरा रंग निकलता है

महसूस करूँ जो कुछ भी मैं
वो तूने नहीं मसूस किया
अब सिसकूं मैं रोऊँ या कुछ भी करूँ
हैरान हूँ जो दिल तुझको दिया
तेरा रस्ता जो रोके कोई मेरा साया संग चलता है
दिल चीर के देखे कोई तेरा रंग निकलता है

कुछ पास नहीं है मेरे
दिल जां साँसें सारी तुम्हें दीं
पर सबके बदले में अब मैंने
ये कौन सी मुश्किल ली
तेरा दिल चाहे धड़के कहीं मेरा नाम उछलता है
दिल चीर के देखे कोई तेरा रंग निकलता है

Tuesday, January 4, 2011

साम- दाम

ढूंढ लेना लकड़ियाँ छांट लेना सूखे पत्ते
एक और शाम का इन्तेजाम कर लेना

ठण्ड को भगाने में सूर्य पीछे हट गया
आग को जला के ये ठण्ड तमाम कर लेना

कर न सको ऐसा तो कोयलों को ला लेना
किसी- किसी तरह से गर्म शाम कर लेना

सडकों के रहने वालों और कुछ मिलेगा नहीं
धरा पे लेट ओढ़ आसमां आराम कर लेना

गर बच जाओ मौत से तो ये सब आजमा लेना
मैंने जो कहा है कोइ एक काम कर लेना

मैं तो सियासत हूँ महलों में सदा गर्म हूँ
तुम मेरे मोहरों से साम- दाम कर लेना

Sunday, January 2, 2011

नव वर्ष

नव अभिनन्दन नव वर्ष का
शांति के तू दीप जला
नव अभिनन्दन नव वर्ष का

पर्व यह उल्लास का
इक वर्ष उम्र का और बीत गया
नव अभिनन्दन नव वर्ष का

पुष्पों से सौरभ स्मित ले
ले पवन से शीतलता
नव अभिनन्दन नव वर्ष का

गगन सा हो विशाल मन
सागर का मोती बन जा
नव अभिनन्दन नव वर्ष का

धरती से ले खुशहाली
बसंत से ले मधुमयता
नव अभिनन्दन नव वर्ष का

जल से लेकर सादापन
उज्जवल निर्मल गीत गा
नव अभिनन्दन नव वर्ष का

सर्व धर्म समभाव की
चलती रहे प्रतिवर्ष प्रथा
नव अभिनन्दन नव वर्ष का

आप सभी को नव वर्ष की शुभकामनाएं

Thursday, December 30, 2010

दीवानगी

दीवानगी है इतनी कैसे दिखाएँ तुमको
ख़ुशी से दूर हुए हैं क्या बताएं तुमको

तड़प है आँख में जो हर कहीं सताती है
ये नींद कैसी है जो रात भर जगाती है
मगर खलिश ये है कि कैसे जगाएं तुमको
दीवानगी है इतनी कैसे दिखाएँ तुमको

उदास रात में जो राह से गुजरते हैं
दिखे थे तुम जहाँ उस जगह पे ठहरते हैं
कहाँ से देके सदा कैसे बुलाएं तुमको
दीवानगी है इतनी कैसे दिखाएँ तुमको

दीवानगी है इतनी कैसे दिखाएँ तुमको
ख़ुशी से दूर हुए हैं क्या बताएं तुमको

Monday, December 20, 2010

दिल में घर

आँखों से उतर के दिल में मेरे घर बना लिया
इतना तो आसां न था मेरे दिल का रास्ता

रहने लगे हक-ब-हक खबर भी नहीं दी
इसी कोने में रहता था मैं फिकर भी नहीं की
अब तो जो हो रहा है वो नया सा है जज्बा
इतना तो आसां न था मेरे दिल का रास्ता

पहचान पूछता रहा अनजान जान बन गए
कर लिया कब्ज़ा खुदगर्ज बेईमान बन गए
दिल लेके हमें प्यार का सपना दिखा दिया
इतना तो आसां न था मेरे दिल का रास्ता

आँखों से उतर के दिल में मेरे घर बना लिया
इतना तो आसां न था मेरे दिल का रास्ता

Friday, December 3, 2010

नाता

जो तुमसे अजब सा नाता है
सबसे ये कहाँ निभ पाता है
जो तुमसे अजब सा नाता है

हम जलते- जलते रहते हैं
जब भी इसमें कोइ आता है
जो तुमसे अजब सा नाता है

तुम जान भले लो जुदा मत होना
हर दर्द सहा नहीं जाता है
जो तुमसे अजब सा नाता है

किसी रोज़ हम मिलें

रब हो तो दुआ कर कि किसी रोज़ हम मिलें
ऐ मेरे खुदा कर कि किसी रोज़ हम मिलें
रब हो तो दुआ कर कि किसी रोज़ हम मिलें

जो दिल के ज़ख्म हैं सभी तुमसे ही कहने हैं
आँखों से कहा कर कि किसी रोज़ हम मिलें
ऐ मेरे खुदा कर कि किसी रोज़ हम मिलें

चाहो जो मुझे मिलना उम्मीद में इसी
चाहत से वफ़ा कर कि किसी रोज़ हम मिलें
ऐ मेरे खुदा कर कि किसी रोज़ हम मिलें

अरदास में रब की जाकर के यही माँगा
मौक़ा तो अता कर कि किसी रोज़ हम मिलें
ऐ मेरे खुदा कर कि किसी रोज़ हम मिलें