Tuesday, October 5, 2010

इक बात है आती दिल में

इतना आसान नहीं है सबकुछ
फिर भी इक बात है आती दिल में
काश अम्बर को भी हम छू पाते
काश होता वो मेरी मंजिल में

इतना आसान नहीं है सबकुछ
फिर भी इक बात है आती दिल में
काश सागर की लहरें गिन पाते
काश होतीं वो मेरे साहिल में

इतना आसान नहीं है सबकुछ
फिर भी इक बात है आती दिल में
काश इस चाँद से हम मिल पाते
काश आता वो मेरी महफ़िल में

इतना आसान नहीं है सबकुछ
फिर भी इक बात है आती दिल में
काश हम होते इतने दिलवाले
काश हम रहते होते हर दिल में

इतना आसान नहीं है सबकुछ
फिर भी इक बात है आती दिल में।

तमन्ना

मेरी मुद्दतों के बाद ये तमन्ना है
तेरी ख्वाहिश में इस दिल को बेकरार करूँ

मेरी रातों को भले रौशनी नसीब न हो
तेरी रातों में उजालों की मैं भरमार करूँ

मेरी चाहत में भले हो कमी चाहत है पर
तुझसे इक बार इस चाहत का मैं इजहार करूँ

कभी दिया नहीं मैंने अपना तवार्रुफ़ लेकिन
ख्याल है दिल का कि तेरे लिए अशआर करूँ

तू कहे चाँद सितारे भी मुझसे लाने को
मेरी क्या हैसियत कि तुझसे मैं इनकार करूँ

शाम आये चाहे न रात आये गम ही नहीं
हर सुबह पर नज़र खोलूं तेरा दीदार करूँ।

तमन्ना

Monday, October 4, 2010

तेरी याद

शायद मुझे सूखे हुए गुलाब मिल जाएँ
तेरी याद के पन्नों को टटोला है मैंने
वर्षों से बंद किया दिल के खँडहर का
धीमे से इक कपाट खोला है मैंने
शायद कहीं कुछ लफ्ज़ लरजते हुए मिल जाएँ
आँखों में फिर पुराना खाब घोला है मैंने
शायद थरथराती मिलें तेरी उंगलियाँ
तेरी याद के पन्नों को टटोला है मैंने
शायद मुझे सूखे हुए गुलाब मिल जाएँ

Saturday, October 2, 2010

शमा

हम रात भर जो जला करें वो शमा नहीं बुझ जायेंगे
मुझे देख पिघलता सब ही की आँखों में आंसू आयेंगे
हम रात भर जो जला करें

हमें प्यार जो करते रहे परवाने छू हमें जल गए
हम ऐसे पत्थरदिल नहीं ये दर्द जो सह जायेंगे
हम रात भर जो जला करें

मेरे पास गम हैं और भी रोते रहेंगे रात भर
आंसू बहायेंगे कहीं हम खुद ही में घुल जायेंगे
हम रात भर जो जला करें

तेरी सहर जब आएगी हमें फूंक देना शौक से
हम भी बड़े ही शौक से हंसकर फ़ना हो जायेंगे
हम रात भर जो जला करें वो शमा नहीं बुझ जायेंगे।

रहते हैं कहीं हम

रहते हैं कहीं हम आँखों में
छुपते हैं कभी हम साँसों में
रहते हैं कहीं हम आँखों में

तुम सामने होते हो जिस दम
होते हैं हसीं हम लाखों में
रहते हैं कहीं हम आँखों में

हम हो जाते हैं फ़िदा तुमपे
जब हैं होते तुम्हारी बातों में
रहते हैं कहीं हम आँखों में

हम बेल हैं तुम मेरा हो वो सहारा
जिन्हें ढूँढते हैं हम शाखों में
रहते हैं कहीं हम आँखों में

तुम हमको छोड़ना भी न कभी
के बदल जायेंगे हम राखों में
रहते हैं कहीं हम आँखों में।

कमी

कैसे मैं कहूँ कि क्या कमी है मेरे पास
तुम जो नहीं हो तो मेरी रातें हैं उदास
कैसे मैं कहूँ कि क्या कमी है मेरे पास

शाम से अँधेरा तड़पते हुए आया
दिन की सिसकियाँ भी लग रहीं थीं आज ख़ास
कैसे मैं कहूँ कि क्या कमी है मेरे पास

सुबह रो रही थी पत्तों पे बूंद- बूंद
चाँद भी भटका था कहीं मेरे आस पास
कैसे मैं कहूँ कि क्या कमी है मेरे पास

बीतते हैं वक़्त यूँही दायरे में ऐसे
कदमों के नीचे जैसे पिस रहा पलाश
कैसे मैं कहूँ कि क्या कमी है मेरे पास

अब तो इंतज़ार है नज़रों के तुम आना
और आ ही जाना हो नहीं मेरा महज कयास
कैसे मैं कहूँ कि क्या कमी है मेरे पास।